जंगल सफारी का सफर महंगा, चुकानी होगी दोगुनी कीमत

जंगल सफारी का सफर महंगा, चुकानी होगी दोगुनी कीमत

रायपुर (चैनल इंडिया)। नंदनवन जंगल सफारी जाने के लिए अब पहले से दोगुनी राशि खर्च करनी होगी। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने जंगल सफारी के टिकट की कीमतों में वृद्धि की है। एंट्री टिकट के साथ सफारी राइड और दूसरी सुविधाएं भी महंगी हो गई हैं। जंगल सफारी के डायरेक्टर थेजस शेखर ने बढ़ी हुई कीमतों की पुष्टि की है। 
वन विभाग के अफसर का कहना है कि  नई कीमतों से जंगल सफारी और जू की सुविधाओं को बेहतर बनाने और रखरखाव में मदद मिलेगी। कीमतों में वृद्धि के बाद पर्यटक सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा। गौरतलब है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जंगल सफारी का किराया कम किया था।
पहले 6 से 12 साल तक के बच्चों के लिए जू एंट्री टिकट 25 रुपए था। इसे अब बढ़ाकर 50 रुपए कर दिया गया है। 12 साल से ज्यादा उम्र के पर्यटकों के लिए पहले जू एंट्री टिकट 50 रुपए था। अब इसे बढ़ाकर सौ रुपए कर दिया गया है। विदेशी पर्यटकों को पहले 200 रुपए देने होते थे, अब उन्हें 500 रुपए देने होंगे। सर्वाधिक वृद्धि विदेशी पर्यटकों के टिकट में ही हुई है।
बस की नई दर
6 से 12 साल तक के बच्चों के लिए साधारण बस के 100 रुपए, एसी बस के 150 रुपए और इलेवट्रिक बस के 175 रुपए चुकाने होंगे। वहीं 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों को साधारण बस के 150 रुपए, एसी बस के 200 रुपए और इलेक्ट्रक बस के 250 रुपए देने होंगे। वहीं विदेशी पर्यटकों को साधारण बस के लिए 750 रुपए, एसी बस के लिए 1000 रुपए तथा इलेवट्रिक बस के लिए 1250 रुपए देने होंगे। 

छुट्टियों में नहीं  मिलेगी राहत
सीनियर सिटीजन और दिव्यांगजन को राहत दी गई है। 60 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजनों की एंट्री पहले की तरह नि:शुल्क रहेगी। इस छूट का लाभ उठाने के लिए उन्हें अपना वैध पहचान पत्र दिखाना होगा। हालांकि वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजनों को मिलने वाली नि:शुल्क एंट्री की सुविधा वीकेंड सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों पर लागू नहीं होगी।