रायपुर में पत्रकार पर जानलेवा हमला : पैसे नहीं देने पर पत्रकार के चेहरे पर वार,पुलिस ने आरोपी को दबोचा
रायपुर। राजधानी में एक पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गोल बाजार थाना क्षेत्र में बदमाश ने पहले जबरन पैसे की मांग की और विरोध करने पर हेलमेट से हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 मई की सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच जीई रोड स्थित कुसुमताई दाबके स्कूल के सामने हुई। पत्रकार शांतनु राय अपने काम से लौट रहे थे, तभी उनकी साइकिल रिक्शा से हल्की टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद बजरंग चौहान ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि चौहान ने पत्रकार को रोककर 10 हजार रुपए की मांग की। मना करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने पास में रखे हेलमेट से सीधे चेहरे पर वार कर दिया, जिससे पत्रकार घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और गोल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी बजरंग चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों और पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

admin 





