बैलाडीला की पहाडिय़ों में मिला ‘जंगली अरहर’ का दुर्लभ खजाना : बस्तर जैव विविधता का बना वैश्विक हॉटस्पॉट

बैलाडीला की पहाडिय़ों में मिला ‘जंगली अरहर’ का दुर्लभ खजाना : बस्तर जैव विविधता का बना वैश्विक हॉटस्पॉट
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ का बस्तर संभाग एक बार फिर अपनी असाधारण जैव विविधता को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। दंतेवाड़ा जिले की बैलाडीला पहाडिय़ों में हुए विस्तृत जैव विविधता सर्वेक्षण में वैज्ञानिकों ने जंगली अरहर की दुर्लभ प्रजाति कजानस कजानिफोलियस की महत्वपूर्ण प्राकृतिक आबादी दर्ज की है। विशेषज्ञ इसे खेती में उपयोग होने वाली अरहर की मूल ‘जंगली पूर्व’ प्रजाति मानते हैं, जिसमें भविष्य की जलवायु चुनौतियों से मुकाबला करने की क्षमता छिपी हुई है।
वैज्ञानिकों के अनुसार इस प्रजाति में रोग प्रतिरोधक क्षमता, अत्यधिक गर्मी सहन करने की ताकत और उच्च प्रोटीन जैसे दुर्लभ आनुवंशिक गुण मौजूद हैं। यही वजह है कि इसे भविष्य की खाद्य सुरक्षा, जलवायु अनुकूल खेती और कृषि अनुसंधान के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जिस दौर में जलवायु परिवर्तन खेती और पारंपरिक फसलों के लिए सबसे बड़ा संकट बन रहा है, ऐसे समय में जंगली फसली रिश्तेदार नई और मजबूत फसल किस्में विकसित करने की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर उभर रहे हैं। यह सर्वेक्षण इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और नेशनल ब्यूरो ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेस की संयुक्त वैज्ञानिक टीम ने किया।
टीम में आईजीकेवी के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा और डॉ. मयूरी साहू के साथ एनबीपीजीआर के वैज्ञानिक डॉ. कैलाशचंद्र भट्ट और डॉ. पंकज कुमार कन्नौजिया शामिल थे। इसी टीम ने पहली बार इस दुर्लभ जंगली प्रजाति की पहचान और वैज्ञानिक रिपोर्टिंग की थी। सर्वेक्षण के दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि बैलाडीला की पहाडिय़ों में मौजूद जंगली अरहर की प्रजाति में छोटी फलियां, राख जैसे रंग वाले स्ट्रोफिओल्स और गहरे काले बीज जैसी विशेषताएं हैं। यही आनुवंशिक विविधता
भविष्य में ऐसी नई फसल किस्में विकसित करने 
में मदद कर सकती है, जो सूखा, गर्मी और बीमारियों के प्रति अधिक मजबूत हों। अध्ययन के दौरान बैलाडीला क्षेत्र में औषधीय पौधों, दुर्लभ वनस्पतियों, वन्यजीवों और जंगली फसली रिश्तेदारों की उल्लेखनीय उपस्थिति भी दर्ज की गई। सर्वेक्षण में एनएमडीसी के बचेली कॉम्प्लेक्स के पर्यावरण विभाग ने भी सहयोग किया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा बैलाडीला क्षेत्र में लगातार बढ़ती खनन गतिविधियां इस संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। इसी कारण बैलाडीला, किरंदुल और बचेली के पहाड़ी क्षेत्रों को ‘जैव विविधता विरासत स्थल’ घोषित किया जाए ताकि इस दुर्लभ प्रजाति को सरंक्षित किया जा सके।
जैव विविधता का भी सबसे बड़ा भंडार
बैलाडीला में मिली इस दुर्लभ प्रजाति ने एक बार फिर यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ केवल ‘धान का कटोरा’ नहीं, बल्कि कृषि जैव विविधता का विशाल जीन बैंक भी है। राज्य में धान की 23 हजार 250 से अधिक पारंपरिक किस्में संरक्षित हैं, जो एशिया के सबसे बड़े संग्रहों में शामिल हैं। वहीं भारत सरकार के ‘पौध किस्म संरक्षण एवं कृषक अधिकार प्राधिकरण’ द्वारा राज्य की 600 से अधिक 
कृषक प्रजातियों का पंजीकरण किया जा चुका है। विशेषज्ञों के मुताबिक बस्तर क्षेत्र कृषि जैव विविधता का ‘हॉटस्पॉट’ है, जहां कोदो-कुटकी, जंगली फल, सूखा-रोधी फसलें और पारंपरिक धान किस्मों का विशाल आनुवंशिक भंडार मौजूद है। यही कारण है कि जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा के दौर में छत्तीसगढ़ की देशी प्रजातियां वैज्ञानिकों और कृषि अनुसंधान संस्थानों के लिए नई उम्मीद बनती जा रही हैं।