रायपुर में हनीट्रैप का मामला उजागर, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला और उसकी सहयोगी पर एक व्यक्ति को अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बीरगांव के गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली एक महिला से थी। महिला को मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी के नाम से भी जाना जाता है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 6 जनवरी 2026 को महिला के बुलावे पर वह उसके घर गया था। वहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी। शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने उसे शराब पिलाई, जिसमें कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाया गया था। इसके बाद वह बेहोश हो गया।
पीड़ित का कहना है कि होश आने पर उसे पता चला कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींची जा चुकी थीं। आरोप है कि दो दिन बाद महिला ने उसे दोबारा बुलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें दिखाईं और उन्हें परिवार तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, बदनामी के डर से पीड़ित आरोपित महिलाओं की मांग के अनुसार रकम देता रहा। आरोप है कि जनवरी से जून 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 2 लाख 65 हजार रुपये वसूले गए। आरोपित लगातार और अधिक पैसे की मांग कर रहे थे तथा तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दे रहे थे।
मामले की शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में ऑनलाइन लेन-देन, व्हाट्सएप चैट, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

admin 




