बिलासपुर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर धारदार हथियार से हमला

बिलासपुर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर धारदार हथियार से हमला

बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, युवकों के दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अपने दोस्त को बचाने पहुंचे अमन सिन्हा भी हमले की चपेट में आ गए।

घायल अमन सिन्हा के मुताबिक, वह अपने दोस्त के साथ मारपीट होते देख बीच-बचाव करने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के युवकों ने उसके साथ भी मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अमन के चेहरे और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। उसके एक साथी के भी घायल होने की जानकारी है।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में युवकों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। मारपीट में कुल पांच लोगों को चोटें आई हैं।

तोरवा थाना पुलिस घटना से जुड़े वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही विवाद में शामिल लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।