IPS पी. सुंदरराज ने NIA में IG का पदभार संभाला, कहा- "नई जिम्मेदारी, वही राष्ट्र सेवा का संकल्प"

IPS पी. सुंदरराज ने NIA में IG का पदभार संभाला, कहा- "नई जिम्मेदारी, वही राष्ट्र सेवा का संकल्प"

नई दिल्ली। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) का पदभार ग्रहण कर लिया है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी भले ही नई हो, लेकिन राष्ट्र सेवा का उनका संकल्प पहले की तरह अटूट है।

सोशल मीडिया पर साझा संदेश में पी. सुंदरराज ने लिखा, "राह नई है, लेकिन सेवा का संकल्प वही है। आप सभी का स्नेह और विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।" उन्होंने कहा कि एनआईए में नई भूमिका की शुरुआत उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। अब तक के सेवाकाल में मिले सहयोग, मार्गदर्शन और अनुभव उनके आगामी दायित्वों में भी प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

उन्होंने अपने सहयोगियों, शुभचिंतकों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास और समर्थन हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।

बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों का रहे प्रमुख चेहरा

वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में कार्यरत रहे हैं। उन्हें प्रदेश में नक्सल विरोधी अभियानों का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बस्तर के कई दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफल अभियान चलाए, जिससे माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा।

सुरक्षा के साथ विकास पर भी दिया जोर

पी. सुंदरराज ने अपने कार्यकाल के दौरान केवल सुरक्षा अभियानों पर ही नहीं, बल्कि खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने और सड़क सहित विकास कार्यों को गति देने पर भी विशेष ध्यान दिया। अबूझमाड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कार्यकाल में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया, जिसे नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।

एनआईए में उनकी नियुक्ति को राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है। अब उनसे आतंकी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की जांच में अपने अनुभव और नेतृत्व का योगदान देने की उम्मीद की जा रही है।