रायपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर गिरी NGT की गाज: नोटिस की अनदेखी पड़ी भारी, खेल गतिविधियों पर लगी रोक
रायपुर। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने भूजल संरक्षण और जल प्रबंधन नियमों के पालन में लापरवाही बरतने पर सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और एनजीटी के नोटिसों का जवाब नहीं देने पर रायपुर सहित देश के तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी गई है। अब एनजीटी की अनुमति के बिना इन स्टेडियमों में किसी भी प्रकार का खेल आयोजन नहीं किया जा सकेगा।
एनजीटी के अंतरिम आदेश के दायरे में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।
अधिकरण ने अपने आदेश में कहा कि देश के कई हिस्सों में लगातार जल संकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे भूजल के उपयोग, वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) और जल पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) जैसी व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन करें। एनजीटी ने संबंधित स्टेडियमों में इन व्यवस्थाओं के पर्याप्त रूप से विकसित नहीं होने पर भी नाराजगी जताई है।
नोटिस के बावजूद नहीं दिया गया जवाब
एनजीटी के अनुसार, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण और अधिकरण की ओर से संबंधित स्टेडियमों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियम प्रबंधन ने निर्धारित समय में अपना जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसी कारण अधिकरण ने अंतरिम प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।
छह प्रमुख स्टेडियमों से मांगी गई थी जानकारी
गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में एनजीटी ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में उपयोग किए जाने वाले पानी के स्रोत, भूजल उपयोग और जल संरक्षण व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी थी।
इन स्टेडियमों में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, अरुण जेटली स्टेडियम और इकाना स्टेडियम समय पर अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, जबकि बाराबती स्टेडियम ने जवाब प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय का अनुरोध किया है। वहीं, रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियमों द्वारा जवाब नहीं देने पर एनजीटी ने अंतरिम रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

admin 




