कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सात से नौ तक बस्तर में

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सात से नौ तक बस्तर में
रायपुर (चैनल इंडिया)। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत एक बार फिर प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। कल छह अक्टूबर की रात रायपुर पहुंचने के बाद वे सात से नौ अक्टूबर तक बस्तर संभाग के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कांकेर, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। साथ ही दंतेवाड़ा के हितालकुड़म-बारसूर क्षेत्र में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और नुकसान की जानकारी लेंगे। 
सुखदेव भगत के इस दौरे की जानकारी सामने आने के बाद बस्तर में कांग्रेस की गतिविधियां भी तेज होने की उम्मीद है। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत कल छह अक्टूबर की रात करीब नौ बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे राजधानी में रात्रि विश्राम करेंगे। सात अक्टूबर को सुबह 10 बजे सुखदेव भगत रायपुर से कांकेर के लिए रवाना होंगे। दोपहर एक बजे कांकेर में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च में हिस्सा लेंगे। दोपहर तीन बजे वे कांकेर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। शाम को जगदलपुर पहुंचने के बाद वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
आठ अक्टूबर को सुबह 10 बजे सुखदेव भगत जगदलपुर से दंतेवाड़ा के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:30 बजे वे दंतेश्वरी माता मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे दंतेवाड़ा कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 2:30 बजे वे दंतेवाड़ा से हितालकुड़म-बारसूर के लिए रवाना होंगे। यहां वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीडि़तों से मुलाकात करेंगे और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी लेंगे। इसके बाद शाम पांच बजे हितालकुड़म से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।
नौ को जगदलपुर में संगठनात्मक बैठक
दौरे के अंतिम दिन नौ अक्टूबर को दोपहर 12 बजे सुखदेव भगत जगदलपुर कांग्रेस भवन में आयोजित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद दोपहर तीन बजे वे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। शाम करीब 8 बजे उनके रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद रात 9:30 बजे वे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।