भर्ती परीक्षाओं की तारीखों का टकराव खत्म, CM साय के निर्देश पर बदली गई SI मुख्य परीक्षा की तारीख
रायपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तारीखों में होने वाला टकराव अब खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में मामला आने के बाद अधिकारियों को परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं।
25 अक्टूबर को दोनों परीक्षाएं होने से बनी थी स्थिति
CGPSC ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं।
इसी दौरान 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित थी। ऐसे में दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा तिथि के टकराव की समस्या खड़ी हो गई थी। एक ही दिन परीक्षा होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को किसी एक परीक्षा का विकल्प चुनना पड़ सकता था।

CM साय ने अधिकारियों को दिए थे निर्देश
अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की निर्धारित तारीखों में बदलाव किया है।
अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
इस बदलाव के बाद दोनों परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
CM बोले- युवाओं का हित सर्वोपरि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार के लिए युवाओं का हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं, इसलिए केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को किसी एक अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को लेकर संवेदनशील है और उनके भविष्य से जुड़े मामलों में आवश्यक निर्णय समय पर लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा
CGPSC ने मुख्य परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। आयोग की ओर से आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी के संबंध में विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें, ताकि आवेदन और परीक्षा से संबंधित कोई महत्वपूर्ण सूचना छूट न जाए।
admin



