भीषण गर्मी से तप रहा छत्तीसगढ़, राजनांदगांव में 46 डिग्री तापमान; 18 जिलों में हीटवेव अलर्ट

भीषण गर्मी से तप रहा छत्तीसगढ़, राजनांदगांव में 46 डिग्री तापमान; 18 जिलों में हीटवेव अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले पांच दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। शनिवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं प्रवेश कर रही हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार से उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश तक छत्तीसगढ़ होते हुए द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रहेगी।

मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट घोषित किया गया है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में रायपुर का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, जगदलपुर में 43.1 डिग्री, अंबिकापुर में 41.7 डिग्री और पेंड्रा में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रायपुर में रविवार को भी मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।