आज से शुरू होगा सीसीपीएल-3 का रोमांच, रायपुर रायनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच उद्घाटन मुकाबला
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण का आगाज बुधवार से होने जा रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर आयोजित इस प्रतिष्ठित टी-20 टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेजबान रायपुर रायनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच रात 9 बजे से खेला जाएगा।
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में प्रदेश की छह टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल 12 जून को जबकि फाइनल मुकाबला 14 जून को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अनुमति से किया जा रहा है।
सीसीपीएल-3 में रायपुर रायनोज की कमान अमनदीप खरे, बिलासपुर बुल्स की आयुष पांडे, रायगढ़ लायंस की ऋषभ तिवारी, राजनांदगांव पैंथर्स की अजय मंडल, सरगुजा टाइगर्स की आशुतोष सिंह और बस्तर बाइंसंस की अनुज तिवारी के हाथों में होगी।
टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण सोनी टेन-3 चैनल पर किया जाएगा, जहां क्रिकेट प्रेमी सभी मुकाबलों का लाइव आनंद ले सकेंगे। प्रतियोगिता में कुल छह टीमें लीग चरण में एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इसके बाद क्वालीफायर और एलिमिनेटर मैच खेले जाएंगे। लीग चरण से लेकर फाइनल तक कुल 19 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है, हालांकि उन्हें ऑनलाइन टिकट बुक करना अनिवार्य होगा। टिकट बुकिंग के लिए आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से पंजीयन किया जा सकता है। मैच के दिन ऑनलाइन टिकट दिखाकर स्टेडियम से प्रवेश टिकट प्राप्त किया जा सकेगा।
उद्घाटन मुकाबले से पहले शाम 7 बजे भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के लिए कई आकर्षक पुरस्कारों की भी घोषणा की गई है। टिकट के साथ दिए गए फॉर्म को भरकर दर्शक विभिन्न इनाम जीत सकेंगे, जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में दोपहिया वाहन रखा गया है। इसके अलावा मैच के दौरान छक्के पर स्टैंड में पहुंची गेंद को कैच करने वाले दर्शक को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा के लिए राजधानी रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों से स्टेडियम तक निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था भी की गई है, जिससे अधिक से अधिक दर्शक इस क्रिकेट महोत्सव का हिस्सा बन सकें।

admin 




