सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत, बालोद में तीन की गई जान

सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत, बालोद में तीन की गई जान
कवर्धा में दो लोगों की मौत
बालोद/ कवर्धा (चैनल इंडिया)। सोमवार को एक ही दिन में सडक़ हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। बालोद जिले में कार की ठोकर से बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं खड़ी ट्रक में टकराने से बाइक सवार दो लोगों की जान चली गई। इसके अलावा कबीरधाम जिले में सडक़ पर बैठे मवेशी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर तेल टैंकर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में ईको वाहन ने पहले तो पैदल चल रहे बुजुर्ग को ठोकर मारते हुए 15 फीट तक घसीटा। फिर एक कार को भी ठोकर मारी। इस हादसे में दल्लीराजहरा निवासी बुजुर्ग विश्राम साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के बीटाल गांव में हुई, जहां खड़ी ट्रक में मोटरसाइकिल सवार दो लोग घुस गए। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरा व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल था। उन्हें डायल 112 की मदद से हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। दल्लीराजहरा पुलिस दोनों घटना की जांच कर रही है।
कवर्धा थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी के पास सोमवार देर शाम दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दरअसल बाइक सवार दोनों लोग कवर्धा की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान सडक़ पर बैठे मवेशी से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे मिट्टी तेल के टैंकर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।