भारी बारिश से बीजापुर में जनजीवन प्रभावित, नदी-नाले उफान पर; स्कूल और आंगनबाड़ी दो दिन बंद
बीजापुर। जिले में पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण बीजापुर शहर समेत आसपास के इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई मार्गों पर पानी भरने से ग्रामीण इलाकों में आवागमन बाधित हुआ है और कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान जारी
बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। नगर सेना और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जहां लोगों के फंसे होने की सूचना मिल रही है, वहां टीम पहुंचकर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र दो दिन रहेंगे बंद
लगातार बारिश और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को दो दिनों तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से उफनते नदी-नालों, तालाबों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा गया है।
फिलहाल प्रशासन और नगर सेना की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बारिश जारी रहने की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य को और तेज किया जाएगा।
admin




