अंबिकापुर में युवती से बदसलूकी का आरोप, भाई का विरोध पड़ा भारी; CCTV सामने आने के बाद बढ़ा आक्रोश
अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित केदारपुर इलाके में युवती के साथ कथित बदसलूकी और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय युवती अपने भाई के साथ दवा लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जबरन खींचने का प्रयास किया।
युवती के भाई ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक को गंभीर रूप से पीटा गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान युवती लगातार अपने भाई को छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी नहीं माने।
मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना ने तूल पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अतुल ताम्रकार सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

admin 




