करगी रोड मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में RPF की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य ठेकेदार फरार

करगी रोड मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में RPF की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य ठेकेदार फरार

करगी रोड मालगाड़ी डिरेलमेंट मामले में RPF की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य ठेकेदार फरार


बिलासपुर। करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के डिरेल होने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान बिलासपुर से इंदौर तक के रेलवे स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी निजी ठेकेदार पवन नायक अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 13 जुलाई को दोपहर करीब 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित लाइन नंबर-3 पर हुई थी। इस दौरान मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए थे। हालांकि, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारियों को जांच के दौरान डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला, जिसके बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।


जांच में सामने आई लापरवाही

रेलवे की प्रारंभिक जांच में पता चला कि जेसीबी मशीन का बकेट प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारने के बाद पांच से छह मजदूर उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी के आने की सूचना मिलते ही मजदूर भारी बकेट को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर भाग गए। ट्रैक पर पड़ा बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे तीन वैगन पटरी से उतर गए।


तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची RPF

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच की। इसके आधार पर 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश टेकाम उर्फ मुन्ना (25), नरहर सिंह उर्फ पिंटू (35), देवा सिंह (38), बुद्धू सिंह (49), छत्रपति मरावी (32), लोकेश मांडवी (19), अनुराग मरावी (31), अभिषेक यादव (21), जेसीबी बकेट मंगवाने वाला मोहम्मद शमीर (24) और कोच अटेंडेंट अमित यादव (23) शामिल हैं।


मुख्य आरोपी की तलाश जारी

आरपीएफ के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी निजी ठेकेदार पवन नायक अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।