छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की संभावना, 27 अक्टूबर से बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की संभावना, 27 अक्टूबर से बारिश के आसार
रायपुर: छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की पूरी संभावना जताई जा रही है। इसके प्रभाव से आगामी 27 अक्टूबर से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। हालांकि फिलहाल राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और अगले दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंडक में और इजाफा होगा। बीते 24 घंटों में बेमेतरा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।