मानसून की दस्तक से बदला मौसम, बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 की मौत

मानसून की दस्तक से बदला मौसम, बिजली गिरने से उप सरपंच समेत 3 की मौत

कांकेर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री की आहट के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून प्रवेश कर सकता है। इसी बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

शुक्रवार सुबह कांकेर के अंतागढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा कार्य के दौरान बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में उप सरपंच समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं गुरुवार शाम राजधानी रायपुर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इसके अलावा सरगुजा और कोरबा जिलों में भी जमकर बारिश दर्ज की गई। बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम में आए बदलाव के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।