यूसीसी से धार्मिक स्वतंत्रता पर नहीं पड़ेगा कोई असर: इन्द्रेश कुमार
रायपुर (चैनल इंडिया)। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय अधिकारी एवं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संस्थापक इन्द्रेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने यूसीसी को सामाजिक सुधार की व्यवस्था बताते हुए कहा कि इससे किसी भी धर्म के लोगों की धार्मिक स्वतंत्रता या मौलिक अधिकार प्रभावित नहीं होंगे।
इन्द्रेश कुमार ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने के बाद भी किसी भी समाज को अपने धर्म के अनुसार इबादत, पूजा-पद्धति, नमाज, रोजा, हज, विवाह की धार्मिक रस्में और अन्य परंपराओं का पालन करने की पूरी स्वतंत्रता रहेगी। उन्होंने कहा कि यूसीसी को लेकर कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए भ्रम फैला रहे हैं, जबकि लोगों को इसके वास्तविक प्रावधानों का अध्ययन कर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में इन्द्रेश कुमार ने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता का अर्थ अपनी धार्मिक पहचान या परंपराओं का त्याग करना नहीं है। उन्होंने कहा कि यूसीसी केवल नागरिक कानूनों में समानता और सुधार की व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य विभिन्न धर्मों में समय के साथ आई विसंगतियों को दूर करना है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, महामंडलेश्वर महाराज अजय राम, स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल सहित समाज से जुड़े अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

admin 




