राहुल का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के खिलाफ: सीएम

राहुल का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के खिलाफ: सीएम
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए विपक्ष के प्रदर्शन को लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताया और कहा कि इस तरह की राजनीति देशहित में नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के आवास के बाहर जैसा आचरण किया, वह लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल और निंदनीय है। ऐसे राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नेता प्रतिपक्ष जैसे पद पर बैठे व्यक्ति से तो बिल्कुल नहीं होती। केंद्र सरकार नीट पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर पहले से ही गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं पेपर लीक को ‘पाप’ बता चुके हैं और सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। 
उन्होंने आगे कहा कि पेपर लीक जैसी समस्या पर केंद्र सरकार पहले से ही अत्यधिक गंभीर है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी हुई है। प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को ‘पाप’ कहते हुए कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि कांग्रेस इस बहाने फिर से कुछ युवाओं की आड़ लेकर देश में अराजकता फैलाने में जुट गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया कृत्य लोकतंत्र की गरिमा के प्रतिकूल है। इसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। 
प्रदर्शन में 16 पुलिसवाले घायल 12 कांग्रेसियों पर एफआईआर
रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। साथ ही कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते भी फेंके। जिससे 16 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हो गए। खम्हारडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। देर रात रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। पुलिस ने इस मामले में सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।