कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती जारी, सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर नोटिस जारी
रायपुर। राजधानी रायपुर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने विभिन्न कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण कर फायर सेफ्टी, वेंटिलेशन, लिफ्ट सुरक्षा और आपातकालीन निकास व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां सामने आने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
प्रशासनिक टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा में निरीक्षण किया। जांच के दौरान एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था पाई गई। इसके अलावा कई स्थानों पर वेंटिलेशन से जुड़ी कमियां भी सामने आईं।
वहीं आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, वेंटिलेशन व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा मानकों में कई खामियां दर्ज की गईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों को दूर कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में नगर निगम के जोन-3 की टीम ने चाणक्य, इम्पैक्ट और क्लेट कोचिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया। आनंद नगर स्थित चाणक्य कोचिंग सेंटर में संचालक फायर ऑडिट प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास द्वार के सामने फर्नीचर रखा हुआ पाया गया, जिसे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मानते हुए संचालक को नोटिस जारी किया गया।
शंकर नगर के गीतांजलि नगर स्थित इम्पैक्ट कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी सिस्टम की कमी पाई गई। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा शंकर नगर सेक्टर-1 स्थित क्लेट कोचिंग सेंटर में निरीक्षण के दौरान लिफ्ट का अलार्म सिस्टम बंद पाया गया। साथ ही लिफ्ट संचालन व्यवस्था भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं मिली। इस संबंध में भी संस्थान संचालक को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब और सुधारात्मक कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित समयावधि में कमियां दूर नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि शहर के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी सुरक्षा मानकों की जांच का अभियान आगे जारी रहेगा।

admin 




