शंकर मशीनरी स्टोर्स बना जियो स्पार्क माइक्रोइन्वर्टर्स का अधिकृत चैनल पार्टनर

शंकर मशीनरी स्टोर्स बना जियो स्पार्क माइक्रोइन्वर्टर्स का अधिकृत चैनल पार्टनर

छत्तीसगढ़ के सौर ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीकी पहल : रायपुर में ‘जियो स्पार्क डुअल मोड माइक्रोइन्वर्टर’ लॉन्च

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रीन एनर्जी एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीकी संभावनाओं को बढ़ावा देते हुए राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सयाजी होटल में एक विशेष तकनीकी सत्र एवं उत्पाद लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जियो स्पार्क माइक्रोइन्वर्टर्स – Powered by JioThings द्वारा ‘जियो स्पार्क डुअल मोड माइक्रोइन्वर्टर’ को आधिकारिक रूप से बाजार में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर वर्ष 1976 से मध्य भारत में विश्वसनीयता एवं सेवा के लिए प्रतिष्ठित श्री शंकर मशीनरी स्टोर्स को जियो का अधिकृत चैनल पार्टनर घोषित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में क्रेडा के मुख्य अभियंता श्री आर.एस. भाकुनी, सीएसपीडीसीएल के सोलर सेल हेड नागार्जुन बिम्बिसार तथा REC विभाग से सत्यभान साहू उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा की नई तकनीकी संभावनाओं का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जियो की कोर टीम से JIO Sparq  मैनेजर सर्वेश्वर देशपांडे, टेक्निकल डिप्टी मैनेजर शुभम कासारे तथा बिजनेस हेड (स्ट्रैटेजिक पार्टनर) दीपक लोहन्दे ने विशेष तकनीकी सत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने उत्पाद की तकनीकी विशेषताओं, उपयोगिता एवं विभिन्न सौर ऊर्जा अनुप्रयोगों में इसकी संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जियो टीम के अनुसार, जियो स्पार्क डुअल मोड माइक्रोइन्वर्टर एक ऐसी तकनीक है जिसे ऑन-ग्रिड एवं ऑफ-ग्रिड दोनों परिस्थितियों में कार्य करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। कंपनी के अनुसार, ग्रिड उपलब्ध होने पर यह ऑन-ग्रिड सौर प्रणाली के साथ कार्य करता है, जबकि ग्रिड उपलब्ध न होने की स्थिति में डुअल-मोड तकनीक के माध्यम से बैकअप एवं बिजली आपूर्ति की नई संभावनाएं उपलब्ध कराती है।

यह तकनीक विशेष रूप से सोलर EPC कंपनियों, वेंडर्स तथा उपभोक्ताओं के लिए सिस्टम डिजाइन, इंस्टॉलेशन और ऊर्जा प्रबंधन को अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन (CSWA) के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं राज्यभर से आए प्रमुख सोलर वेंडर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसके साथ ही क्रेडा एवं सीएसपीडीसीएल के अन्य अधिकारी तथा सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी इस तकनीकी पहल के साक्षी बने।

उपस्थित विशेषज्ञों ने इस नई तकनीक को छत्तीसगढ़ के घरेलू एवं व्यावसायिक सौर ऊर्जा उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी एवं संभावनाओं से भरपूर बताया। उनका मानना है कि इस प्रकार की तकनीकी पहल राज्य में सौर ऊर्जा के विस्तार तथा उपभोक्ताओं को अधिक स्मार्ट और भरोसेमंद ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने में सहायक हो सकती है।

इस महत्वपूर्ण उत्पाद लॉन्च एवं नई व्यावसायिक साझेदारी की विस्तृत जानकारी शंकर मशीनरी स्टोर्स के सीएमडी एवं छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा तथा आकाश मिश्रा ने मीडिया के साथ साझा की।

संतोष मिश्रा ने कहा कि “श्री शंकर मशीनरी स्टोर्स पिछले 50 वर्षों से अपने ग्राहकों के विश्वास और सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। जियो के साथ यह नई साझेदारी छत्तीसगढ़ में आधुनिक सौर तकनीक को बढ़ावा देने तथा राज्य को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

कार्यक्रम का समापन उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, सोलर वेंडर्स एवं उद्योग प्रतिनिधियों के लिए आयोजित विशेष रात्रिभोज के साथ हुआ।