Chhattisgarh Weather: रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश, कई जगह गिरे पेड़; आज फिर बिगड़ सकता है मौसम

Chhattisgarh Weather: रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी-बारिश, कई जगह गिरे पेड़; आज फिर बिगड़ सकता है मौसम

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर तेज अंधड़ के कारण पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित हो गया। रायपुर समेत कई जिलों में सड़क पर बड़े पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। रविवार सुबह तक कई स्थानों से पेड़ नहीं हटाए जा सके थे।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है। हालांकि बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और मई के आखिरी सप्ताह तक कुछ क्षेत्रों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।


मौसम बदलने की वजह क्या है?

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, पूर्व-पश्चिम द्रोणिका, चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ जैसे कई मौसमीय सिस्टम सक्रिय हैं। इन सिस्टम्स के कारण समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी प्रदेश में पहुंची, जिससे आंधी-बारिश की स्थिति बनी।

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं जम्मू और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व विदर्भ क्षेत्र में भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सभी सिस्टम्स का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई दे रहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि निकोबार और अंडमान द्वीप समूह क्षेत्र में लगातार बारिश और तेज पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इससे दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।


कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।


रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन 20 मई के बाद प्रदेश में फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं।