'रामायण' का ट्रेलर इस दिन होगा रिलीज, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मेगा फिल्म को लेकर बढ़ा इंतजार
मुंबई। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। लंबे समय से फिल्म के ट्रेलर रिलीज को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर इसकी तारीख का ऐलान कर दिया है। फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए निर्माताओं ने लिखा कि "भारत से विश्व तक... हजारों वर्षों से रामायण ने धर्म, मर्यादा, साहस और करुणा के अपने शाश्वत आदर्शों से पीढ़ियों को प्रेरित किया है। अब यह महाकाव्य एक नई यात्रा पर निकल रहा है। भारतीय सिनेमा के इतिहास में अभूतपूर्व स्तर पर इस महान सभ्यतागत कथा को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। रामायण का ट्रेलर 24 जुलाई को विश्वभर में रिलीज होगा।"
ट्रेलर रिलीज डेट पर सोशल मीडिया में चर्चा
ट्रेलर रिलीज की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कई यूजर्स ने रिलीज डेट को सही रणनीति बताया, जबकि कुछ ने फिल्म के पहले टीज़र को लेकर अपनी राय साझा की। एक यूजर ने लिखा कि कॉमिक कॉन से पहले ट्रेलर रिलीज न करना अच्छा फैसला है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि ट्रेलर को दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा, क्योंकि शुरुआती झलक को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।
दो भागों में रिलीज होगी 'रामायण'
निर्माताओं के अनुसार, 'रामायण' को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। 'रामायण: पार्ट 1' इस वर्ष दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि 'रामायण: पार्ट 2' अगले वर्ष दिवाली पर रिलीज की जाएगी। हालांकि, पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि पहला भाग दिवाली से एक सप्ताह पहले रिलीज हो सकता है, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भारतीय पौराणिक महाकाव्य पर आधारित इस फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे सितारों की मौजूदगी के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

admin 




