14 दिन बंद रहेगा रेलवे स्टेशन गेट नंबर-7 अंडरब्रिज, रोजाना गुजरने वाले 25 हजार वाहन होंगे प्रभावित
रायपुर। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-7 (गुढ़ियारी साइड) स्थित एक्सप्रेस-वे अंडरब्रिज को मरम्मत और विकास कार्यों के चलते अगले 14 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा पाइपलाइन बिछाने, कवर शेड निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य किए जाने के कारण इस मार्ग पर 18 जून तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
रेलवे स्टेशन से एक्सप्रेस-वे के जरिए गुढ़ियारी की ओर जाने वाले सभी वाहनों को अब वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। यह अंडरब्रिज शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन करीब 20 से 25 हजार वाहन गुजरते हैं।
वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव
अंडरब्रिज बंद होने के बाद वाहनों का दबाव मुख्य रूप से तेलघानी नाका अंडरब्रिज और गुढ़ियारी-नर्मदापारा अंडरब्रिज पर बढ़ने की संभावना है। इससे इन मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है और यात्रियों को अतिरिक्त समय लग सकता है।
पुलिस के सामने यातायात प्रबंधन की चुनौती
तेलघानी नाका अंडरब्रिज में पहले से ही भारी यातायात का दबाव रहता है। अब अतिरिक्त वाहनों के कारण ट्रैफिक प्रबंधन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा सकती है। साथ ही दिन के समय भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी सीमित प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना है।
इन रास्तों का करें उपयोग
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को निम्न वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है—
* तेलघानी नाका ओवरब्रिज
* चुनाभट्टी अंडरब्रिज
* नर्मदापारा अंडरब्रिज
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

admin 




