राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, अभनपुर में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में होंगे शामिल
रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। अपने दौरे के दौरान वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी करीब चार घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे और कांग्रेस के जिला एवं शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। भाजपा विधायक Purandar Mishra ने उनके छत्तीसगढ़ आगमन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं, यह जनता भी जानना चाहती है।
वहीं, भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक Vikas Upadhyay ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा के बयान राजनीतिक निराशा को दर्शाते हैं। विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा नेताओं को मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए और व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करना है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम और उनके संबोधन को लेकर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर भी इस दौरे पर बनी हुई है, क्योंकि इसे आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

admin 




