पीएम मोदी के 12 वर्ष स्वर्णकाल: सीएम

पीएम मोदी के 12 वर्ष स्वर्णकाल: सीएम
आदिवासी उत्थान और नक्सलमुक्त हुआ
एनडीए की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री
नई दिल्ली/रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को दिल्ली में आयोजित भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की विशेष बैठक में शामिल हुए। उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्ष को आदिवासी उत्थान और नक्सलमुक्ति का स्वर्णकाल बताते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और छत्तीसगढ़ नक्सल समस्या से निर्णायक मुक्ति की ओर बढ़ रहा है। 
उन्होंने आगे कहा कि बस्तर में ‘नियद नेल्ला नार’ और ‘बस्तर मुन्ने’ अभियानों के जरिए विकास योजनाओं का सैचुरेशन मोड में क्रियान्वयन किया जा रहा है।सुरक्षा शिविरों को ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। सीएम श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मु को देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनना करोड़ों आदिवासियों के सम्मान का प्रतीक है। पीएम जनमन योजना से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक बिजली, सडक़, पेयजल और आवास जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं। बस्तर में सडक़, रेल और सार्वजनिक परिवहन विस्तार से कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ।
मुख्यमंत्री ने पेसा कानून, लघु वनोपज खरीदी, कृषक उन्नति योजना और मुफ्त राशन योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, आदिवासियों को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत के विकास का सक्रिय सहभागी बनाया गया। विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।