शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई: 13 ठिकानों पर छापे, 3.23 किलो सोना और 53 लाख नकद जब्त

शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई: 13 ठिकानों पर छापे, 3.23 किलो सोना और 53 लाख नकद जब्त

रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में कार्रवाई; जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5.39 करोड़ रुपए, अब तक 380 करोड़ की संपत्तियां कुर्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने 30 अप्रैल को राज्य के कई शहरों में शराब कारोबारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और उनसे जुड़े कॉर्पोरेट समूहों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में 5.39 करोड़ रुपए मूल्य की नकदी, सोना और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

ईडी ने शनिवार, 3 मई को जारी प्रेस नोट में बताया कि छापों के दौरान 53 लाख रुपए नकद और करीब 3.234 किलोग्राम सोने के आभूषण व बुलियन बरामद किए गए। जब्त सोने की बाजार कीमत लगभग 4.86 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा कई आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।

यह कार्रवाई रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर में कुल 13 ठिकानों पर की गई। बिलासपुर में सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और प्रतिष्ठान को भी तलाशी के दायरे में लिया गया।

ईडी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में अब तक 380 करोड़ रुपए से अधिक की चल और अचल संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। इस मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच एजेंसी का दावा है कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच संचालित इस कथित सिंडिकेट ने राज्य सरकार को 2,800 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान पहुंचाया। ईडी का कहना है कि घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।