खराब मौसम के चलते रायपुर नहीं उतर सकी इंडिगो फ्लाइट, नागपुर की ओर किया गया डायवर्ट

खराब मौसम के चलते रायपुर नहीं उतर सकी इंडिगो फ्लाइट, नागपुर की ओर किया गया डायवर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-5138 निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सकी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को नागपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के अनुसार, रायपुर में लगातार बारिश और मौसम खराब होने के चलते विमान को उतरने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। पायलट ने लैंडिंग की कोशिश से पहले कुछ समय तक विमान को रायपुर के आसपास उड़ाया, लेकिन मौसम में सुधार नहीं होने और दृश्यता प्रभावित रहने के कारण अंततः फ्लाइट को नागपुर भेजने का निर्णय लिया गया।

इस विमान में छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख राजनीतिक नेता भी सवार थे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह तथा भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास सहित अन्य यात्री शामिल थे।

विमान के नागपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयरपोर्ट और एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज आंधी और खराब मौसम की संभावना जताई है। ऐसे में हवाई सेवाओं पर भी इसका असर पड़ सकता है।