सुशासन तिहार में उठी ‘गोवा ब्रांड’  की मांग, सुनकर मंत्री मुस्कुराए

सुशासन तिहार में उठी ‘गोवा ब्रांड’  की मांग, सुनकर मंत्री मुस्कुराए
पिथौरा (चैनल इंडिया)। राज्य सरकार की ओर से आयोजित सुशासन तिहार के तहत लगाए जा रहे समाधान शिविरों में लोगों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में पिथौरा विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर में एक अलग तरह की मांग चर्चा का विषय बन गई। शिविर में आबकारी विभाग को लिखित आवेदन देकर मदिरा दुकानों में गोवा ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल उपस्थित रहे। इस दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलेभर में विभाग को अब तक कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई हैं और दोनों ही शिकायतों में मंदिरा दुकानों में गोवा ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई है। अधिकारी की यह बात सुनकर प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल मुस्कुरा पड़े, जिससे शिविर में मौजूद लोगों के बीच हल्की हंसी का माहौल बन गया। हालांकि मंत्री बघेल ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाएगा और किसी भी आवेदन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदन कचरे के डब्बे में नहीं जाएगा।