केंद्र से मिले ₹3,602 करोड़ के अग्रिम कर हस्तांतरण का मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत, कहा- विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण (Advance Tax Devolution) के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सहकारी संघवाद को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों की विकास आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए समय पर वित्तीय सहयोग उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम कर हिस्सेदारी प्राप्त होगी। इससे प्रदेश में अधोसंरचना विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य विकास परियोजनाओं के कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में यह राशि महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्यों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय की भावना ही विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जो राज्यों की वित्तीय क्षमता को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने में सहायक हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा।
admin




