कल शाम राज्यपाल से मिले सीएम, आज शाम बुलाई विधायकों की बैठक

कल शाम राज्यपाल से मिले सीएम, आज शाम बुलाई विधायकों की बैठक
रायपुर (चैनल इंडिया)। विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक आज यानी बुधवार शाम सात बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगी। विधायक दल के सचिव ने सभी भाजपा विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी।
भाजपा  विधायक दल की बैठक में अगले सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा राज्य सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन होगा। मानसून सत्र से करीब एक सप्ताह पहले पहली बार भाजपा विधायक दल की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में 13 जुलाई से शुरु होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार की रणनीति तैयार की जाएगी। विपक्ष के संभावित सवालों, सदन में पेश होने वाले मुद्दों और सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन किया जाएगा।
13 जुलाई से मानसून सत्र
मुख्यमंत्री ने सोमवार 6 जुलाई को राज्यपाल रमेन डेका से भी मुलाकात की थी। इसके बाद अब विधायक दल की बैठक को सत्र की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरु होकर 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी, जिसमें वित्तीय और अन्य शासकीय कार्यों के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।