CCPL सीजन-3 का आगाज 3 जून से: मौनी रॉय करेंगी उद्घाटन, पहली बार छत्तीसगढ़ी कमेंट्री का रोमांच
रायपुर। आईपीएल के समापन के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह बढ़ाने के लिए राजधानी रायपुर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सीसीपीएल (छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग) सीजन-3 की मेजबानी के लिए तैयार है। 3 जून से 14 जून तक आयोजित होने वाले इस टी-20 टूर्नामेंट में प्रदेश की छह प्रमुख टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। इस बार प्रतियोगिता खेल के साथ-साथ मनोरंजन और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
सीसीपीएल के तीसरे सीजन की सबसे खास बात यह होगी कि पहली बार दर्शकों को छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री सुनने का अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण यूट्यूब के साथ-साथ सोनी टेन-3 चैनल पर भी किया जाएगा।
टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन 3 जून को शाम 7:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय अपनी प्रस्तुति से समारोह में चार चांद लगाएंगी। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद रात 9 बजे पहला मुकाबला गत विजेता रायपुर रायनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा।
पिछले दो सीजन में लगातार चैंपियन रही रायपुर रायनोज की टीम इस बार खिताबी हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट में रायपुर रायनोज, बिलासपुर बुल्स, राजनांदगांव पैंथर्स, सरगुजा टाइगर्स, बस्तर बायसन्स और रायगढ़ लायंस हिस्सा ले रही हैं। लीग चरण के मुकाबले 3 से 10 जून तक खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल 12 जून और फाइनल मुकाबला 14 जून को आयोजित होगा।
आयोजकों ने दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा है। क्रिकेट प्रेमियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म [www.ticketgenie.in] के माध्यम से टिकट बुक करनी होगी। मैच के दिन ऑनलाइन टिकट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट प्राप्त की जा सकेगी।
इस बार दर्शकों के लिए आकर्षक पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। उद्घाटन दिवस और फाइनल मुकाबले के दौरान लकी ड्रॉ के माध्यम से प्रथम पुरस्कार के रूप में दोपहिया वाहन दिया जाएगा। इसके अलावा 40 हजार रुपये से लेकर 14 हजार रुपये तक के कई नकद पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
वहीं लीग मुकाबलों के दौरान प्रतिदिन 10-10 हजार रुपये के दस नकद पुरस्कार ड्रॉ के जरिए दिए जाएंगे। इसके अलावा स्टैंड में बैठा कोई दर्शक यदि मैच के दौरान कैच पकड़ता है, तो उसे सीधे 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
आयोजकों का दावा है कि सीसीपीएल सीजन-3 प्रदेश के क्रिकेट इतिहास में अब तक का सबसे भव्य और मनोरंजक आयोजन साबित होगा, जिसमें खेल, संस्कृति और दर्शकों के लिए रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

admin 




