बंगाल चुनाव गिनती: शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बहुमत; 161 सीटों पर बढ़त, ममता भवानीपुर से पीछे
Election 2026
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की 293 सीटों पर वोटों की गिनती सोमवार सुबह 8 बजे से जारी है। शुरुआती दो घंटे के रुझानों में बीजेपी को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। पार्टी 161 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों में भी बीजेपी आगे
चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार बीजेपी 18 सीटों पर और टीएमसी 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जिन इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान रोड शो और जनसंपर्क किया था, वहां भी बीजेपी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम सीटों पर पार्टी आगे चल रही है।
भवानीपुर में ममता पीछे, नंदीग्राम में भी कड़ी टक्कर
सबसे चर्चित भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं। यहां बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। नंदीग्राम सीट पर भी अधिकारी करीब 3 हजार वोटों से आगे बताए जा रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारी का दावा- कांटे की टक्कर
भवानीपुर में बढ़त मिलने पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मुकाबला कड़ा है, लेकिन उनकी बढ़त लगातार मजबूत हो रही है।
इन सीटों पर कौन आगे, कौन पीछे
* भवानीपुर: ममता बनर्जी पीछे
* नंदीग्राम: सुवेंदु अधिकारी आगे
* खड़गपुर: बीजेपी के दिलीप घोष आगे
* बहरामपुर: अधीर रंजन चौधरी पीछे
* नोआपाड़ा: बीजेपी के अर्जुन सिंह आगे
* बारासात: बीजेपी के शंकर चटर्जी आगे
* मध्यमग्राम: टीएमसी के रथिन घोष आगे
* आमडांगा: बीजेपी के अरिंदम मजूमदार आगे
* अशोकनगर: टीएमसी के नारायण गोस्वामी आगे
दो चरणों में हुआ था मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों में से 293 पर ही मतदान हुआ था। चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए—पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग हुई थी। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 148 है।
कड़ी टक्कर में TMC vs BJP
इस बार के चुनाव में करीब 92% मतदान दर्ज किया गया। ममता बनर्जी जहां लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, वहीं बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है। सबसे ज्यादा नजरें भवानीपुर सीट पर टिकी हैं, जहां ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला है।

admin 





