खड़े ट्रेलर में घुसी हाइवा, लंबा जाम लगने से यातायात ठप 

खड़े ट्रेलर में घुसी हाइवा, लंबा जाम लगने से यातायात ठप 

बस्तर रााजमार्ग पर बड़ा हादसा

केशकाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल में गुरुवार को एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। गिरीदीप स्कूल के पास सडक़ किनारे भारी लोहे का सामान लेकर खड़ी एक ट्रेलर में तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया, जिससे केशकाल नगर में लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले 48 घंटे से केशकाल घाटी एवं एनएच-30 पर लगातार रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी हुई है। भारी वाहनों की आवाजाही, सडक़ पर खराब वाहनों के खड़े हो जाने और बढ़ते यातायात दबाव के कारण बार-बार यातायात प्रभावित हो रहा है। लगातार बन रही यह स्थिति अब पुलिस और प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बन चुकी है, जिन्हें यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ रही है।