गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार; ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही थी खेप

गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार; ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही थी खेप

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गरियाबंद जिले में करीब 400 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 6.5 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

कार्रवाई देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेकपोस्ट, NH-130C पर की गई। पुलिस टीम 23-24 अगस्त की दरमियानी रात वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक की छत पर काले तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए पैकेट मिले। जांच में पैकेटों के अंदर गांजा होने की पुष्टि हुई।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि ट्रक के आगे दो मोटरसाइकिल सवार ‘पायलट’ के तौर पर चल रहे थे और रास्ते में पुलिस चेकिंग की जानकारी दे रहे थे। दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कथित सप्लायर को भी ओडिशा से गिरफ्तार किया है। मामले में NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है।