मुख्यमंत्री के आतिथ्य में युवा उत्सव 5.0 का होगा शुभारंभ, 17 साल के AI ट्रेनर से लेकर मोटिवेशनल स्पीकर आएंगे रायपुर,2200 छात्र होंगे शामिल

मुख्यमंत्री के आतिथ्य में युवा उत्सव 5.0 का होगा शुभारंभ, 17 साल के AI ट्रेनर से लेकर मोटिवेशनल स्पीकर आएंगे रायपुर,2200 छात्र होंगे शामिल

रायपुर। युवाओं में नेतृत्व, नवाचार और उद्यमशीलता की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से यंग इंडियंस (Yi) रायपुर की फ्लैगशिप पहल ‘युवा उत्सव 5.0’ का आयोजन 16 और 17 सितंबर को किया जाएगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल ऑडिटोरियम में होने वाले इस दो दिवसीय राज्यस्तरीय युवा महाकुंभ में प्रदेश के 17 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के करीब 2,000 से 2,200 विद्यार्थी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अभिन्न अंग यंग इंडियंस रायपुर ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘युवा उत्सव 5.0’ की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘द नेक्स्ट मूव’ रखी गई है। कार्यक्रम में युवाओं को नेतृत्व क्षमता, नवाचार, उद्यमशीलता और तकनीक से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों से सीखने और संवाद का अवसर मिलेगा।

माइंडसेट कोच राहुल कपूर देंगे मुख्य वक्तव्य

युवा उत्सव में जाने-माने माइंडसेट कोच, मोटिवेशनल स्पीकर और लेखक राहुल कपूर मुख्य वक्तव्य देंगे। राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ पैनल में डी2सी के संस्थापक अर्जुन वैद्य, जॉक्सोडे के सह-संस्थापक कुशल अग्रवाल और इंडो एरा की सीईओ सृष्टि तनवानी युवाओं से संवाद करेंगे।

क्षेत्रीय उद्योग पैनल में ऐश्वर्या गोयल, अभिनव जैन, अभिषेक जायसवाल और विकास गोयल शामिल होंगे। वहीं, केरल के 17 वर्षीय एआई ट्रेनर राउल जॉन अजू विशेष तकनीकी सत्र में युवाओं को एआई से जुड़ी जानकारी देंगे।

पांच वर्कशॉप में सीखेंगे वित्त से लेकर एआई और पब्लिक स्पीकिंग

आयोजन में विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल विकास के लिए पांच विशेष कार्यशालाएं होंगी। इनमें प्रांजल कामरा वित्तीय साक्षरता, अनुश्री एवं अंकुश एआई और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, नम्रता धारीवाल सोशल मीडिया ग्रोथ, मानव गुप्ता पब्लिक स्पीकिंग और श्रेयांस श्रीश्रीमाल ‘स्टॉप क्लिकिंग. स्टार्ट सीइंग’ विषय पर युवाओं से संवाद करेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के चयनित 10 स्टार्टअप्स के इनोवेशन मॉडल्स की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा लाइव म्यूजिकल बैंड परफॉर्मेंस भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

‘फ्यूचर 6.0’ में चुनौतियों के समाधान तैयार करेंगे युवा

पत्रकार वार्ता में ‘फ्यूचर 6.0’ की रूपरेखा का भी अनावरण किया गया। इसके तहत युवाओं को समाज, अर्थव्यवस्था और नगरीय व्यवस्था से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों को समझने और उनके व्यावहारिक व बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं की सोच को केवल समस्या पहचानने तक सीमित न रखकर समाधान तैयार करने और उसे धरातल पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

सीआईआई पदाधिकारी रहे मौजूद

कर्टेन-रेज़र पत्रकार वार्ता में CII Young Indians रायपुर के चेयर पंकज सोमानी, को-चेयर कवित पसारी, Yi के ‘युवा’ वर्टिकल की चेयर प्रियंका गवलानी, को-चेयर आदित्य अग्रवाल और CII छत्तीसगढ़ सचिवालय से नाजिश फरहान मौजूद रहे।