एक हजार विशिष्टजन विशेष ट्रेन से सोमनाथ धाम रवाना

एक हजार विशिष्टजन विशेष ट्रेन से सोमनाथ धाम रवाना

मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

 रायपुर (चैनल इंडिया)। भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से जुडऩे के लिए छत्तीसगढ़ से एक ऐतिहासिक पहल की गई है। सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के तहत प्रदेश के एक हजार विशिष्टजन विशेष ट्रेन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम की यात्रा पर रवाना हुए।। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर इस विशेष ट्रेन को रवाना किया। 

 संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित यह यात्रा आज से 26 जून तक संचालित होगी। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की सांस्कृतिक चेतना, आस्था और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक माना जाता है। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में छत्तीसगढ़ की यह यात्रा भी शामिल है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों से जोडऩा है।

 यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित विशिष्टजन, पद्म पुरस्कार एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति कर्मी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर भी बनेगा। यात्रा की सबसे विशेष पहल यह होगी कि प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल साथ लेकर सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यह भारत की सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय अखंडता और साझा विरासत का प्रतीकात्मक संदेश देगा। सोमनाथ धाम पहुंचने के बाद प्रतिभागियों को मंदिर दर्शन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला यात्राएं और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण इस यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।