नवा रायपुर बनेगा पीपल सिटी : 70 हजार पौधे लगे, पांच साल में एक लाख और लगेंगे

नवा रायपुर बनेगा पीपल सिटी : 70 हजार पौधे लगे, पांच साल में एक लाख और लगेंगे
रायपुर (चैनल इंडिया)। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि नवा रायपुर को पीपल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शहर में पूर्व में लगाए गए लगभग 70 हजार पौधों के अतिरिक्त आगामी पांच वर्षों में एक लाख से अधिक पीपल के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मंत्री चौधरी ने यह बात राज्य में मानसून-2026 के दौरान औद्योगिक इकाईयों द्वारा संचालित वृक्षारोपण कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने सभी उद्योगों से अपने परिसर और आसपास हरित वातावरण विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि 31 जुलाई तक वृक्षारोपण का निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाए तथा 15 अगस्त तक गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी तथा पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि अनिवार्य होगी।
उन्होंने बताया कि  नवा रायपुर की पहचान बन चुकी सेंध लेक का गहरीकरण एवं सौंदर्याकरण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इससे लगभग 12 लाख घन मीटर अतिरिक्त जल भंडारण क्षमता विकसित होगी तथा झील का क्षेत्रफल भी बढ़ेगा। झील के मध्य स्थित लगभग तीन एकड़ के द्वीप पर मियावाकी पद्धति से लगभग 25 हजार पौधे लगाए गए हैं, जिससे प्रवासी पक्षियों के लिए प्राकृतिक बर्ड आइलैंड (ईको-हब) विकसित किया जा रहा है।