रायपुर पहुंचे मुंबई इंडियंस, कप्तान पांड्या समेत चार खिलाड़ी नहीं आए

रायपुर पहुंचे मुंबई इंडियंस, कप्तान पांड्या समेत चार खिलाड़ी नहीं आए

रायपुर। आईपीएल का मुकाबला खेलने के लिए मुंबई इंडियंस की टीम बुधवार दोपहर बाद लगभग चार बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंच गई। टीम विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंची। मुंबई इंडियंस की टीम 10 मई को विराट कोहली की टीम आरसीबी के साथ अपना मुकाबला खेलेगी। टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या, स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, बल्लेबाज तिलक वर्मा और स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव चारों खिलाड़ी अभी रायपुर नहीं पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि, ये चारों आज रायपुर पहुंचेंगे। 

रविवार को होगा आरसीबी से मुकाबला, तीन हजार की टिकट छह हजार में
दस मई को रायल्स चैलेंजर बेंगलुरु (आरसीबी) और मुंबई इंडियन के बीच मुकाबला होना है, जबकि 13 मई को रॉयल्स चैलेंजर बेंगलुरु और कोलकत्ता नाइट राइडर के बीच होना है। लेकिन मैच का रोमांच जितना बढ़ रहा है, उतनी ही टिकटों की किल्लत भी सामने आ रही है। ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही कुछ ही समय में अधिकांश टिकट खत्म हो गए। लेकिन ब्लैक मार्केट में तीन हजार का टिकट छह हजार या उससे ज्यादा में बेचा जा रहा है। आम दर्शकों को टिकट नहीं मिल पा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में टिकटों की कालाबाजारी का नेटवर्क सक्रिय हो गया है।

एयरपोर्ट पर फैंस का जमावड़ा
टीम के फैंस को पहले ही पता था कि, आज मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंचने वाली है। इसीलिए बड़ी संख्या में लोग अपने चहेते खिलाड़ियों को देखने के लिए एयरपोर्ट के बाहर घंटों पहले से ही जमा थे। जैसे ही टीम के खिलाडी एयरपोर्ट से बाहर से निकले, फैस ने अपने खिलाड़ियों को चियर कर उनका अभिवादन किया।