नगरीय प्रशासन विभाग का बड़ा फेरबदल, 18 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले

नगरीय प्रशासन विभाग का बड़ा फेरबदल, 18 अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादले

रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से बड़ा तबादला आदेश जारी किया है। विभाग ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पदस्थ 18 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें सात दिनों के भीतर नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के तहत रायपुर नगर निगम के जोन आयुक्त अरुण कुमार ध्रुव को मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनाकर दंतेवाड़ा भेजा गया है। वहीं दंतेवाड़ा में पदस्थ वी.के.एस. पलदास को नगर पंचायत भोपालपटनम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

तबादला सूची में कवर्धा, धमधा, दीपका, गौरेला, चांपा, आरंग, कोंडागांव और दंतेवाड़ा सहित कई नगरीय निकायों के अधिकारी शामिल हैं। रोहित कुमार साहू को कवर्धा से धमधा, राजेश गुप्ता को दीपका से गौरेला तथा सचिन गुप्ता को बेरला से कोंडागांव स्थानांतरित किया गया है। वहीं शीतल चंद्रवंशी को आरंग से चांपा भेजा गया है।

इसके अलावा अंबिकापुर, जामुल, धर्मजयगढ़, बड़ी करेली, केशकाल, बलौदाबाजार और अन्य नगरीय निकायों में पदस्थ अधिकारियों की भी नई पदस्थापना की गई है। कुछ अधिकारियों को प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ को उनके मूल पदों पर वापस भेजा गया है।

विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्तमान पदस्थापना स्थल से कार्यमुक्त होकर निर्धारित समय सीमा के भीतर नई जगह कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा। निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित अधिकारी को पुराने स्थान से वेतन नहीं मिलेगा। साथ ही नियमों के विपरीत वेतन आहरित किए जाने पर संबंधित नियंत्रण अधिकारी के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कहना है कि यह फेरबदल नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है। यह आदेश विभाग के उप सचिव द्वारा जारी किया गया है।