जगदलपुर जाने वालों को राहत
रायपुर (चैनल इंडिया)। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने बड़ा प्लान तैयार किया है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल पचपेड़ी नाका रोड पर नया फ्लाईओवर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह फ्लाईओवर पुजारी पार्क से शुरू होकर कलश मॉल तक जाएगा। इसके बनने के बाद कालीबाड़ी की ओर से आने वाले वाहन बिना जाम में फंसे सीधे जगदलपुर रोड की तरफ निकल सकेंगे।
फिलहाल पचपेड़ी नाका और आसपास के इलाकों में रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है। यहां बाइक, कार और यात्री वाहनों के साथ बड़ी संख्या में बसें और ट्रक भी गुजरते हैं। राजिम, गरियाबंद, धमतरी और जगदलपुर जाने वाले ज्यादातर वाहन इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। इसी वजह से सुबह और शाम के समय यहां लंबा जाम लगना आम बात है।
पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव के मुताबिक पुजारी पार्क से कोलर्स मॉल तक बनने वाला फ्लाईओवर करीब 1200 से 1300 मीटर लंबा होगा। इसकी चौड़ाई लगभग साढ़े 13 मीटर रखी जाएगी। फ्लाईओवर पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरेगा और करीब 20 फीट ऊंचाई से बनाया जाएगा। इससे बड़े वाहन जैसे ट्रक और बसें भी आसानी से निकल सकेंगे। योजना के अनुसार कालीबाड़ी की तरफ से आने वाला ट्रैफिक पुजारी पार्क के पास फ्लाईओवर पर चढ़ेगा और जगदलपुर की तरफ से आने वाले वाहन कलश मॉल के पास उतर जाएंगे।
रोज गुजरते हैं सवा लाख से ज्यादा वाहन
ट्रैफिक आंकड़ों के अनुसार पचपेड़ी नाका और बिलासपुर रोड पर हर दिन करीब सवा लाख से ज्यादा वाहनों की आवाजाही होती है। भारी ट्रैफिक के कारण यहां कई बार वाहन धीमी गति से चलते हैं और जाम की स्थिति बन जाती है। खासकर पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज के नीचे से लेकर रामकृष्ण अस्पताल के टर्निंग पॉइंट तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नए फ्लाईओवर से इस हिस्से में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
सर्वे और मिट्टी जांच के बाद तय होगी लागत
पीडब्ल्यूडी ब्रिज विभाग ने फ्लाईओवर निर्माण से पहले जरूरी जांच शुरू कर दी है। इसके लिए जमीन की क्षमता जांचने के लिए फाउंडेशन टेस्ट और अन्य सर्वे किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद फ्लाईओवर की अनुमानित लागत तैयार की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि सर्वे और डिजाइन तैयार होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।