रायपुर में एशिया का स्क्वैश महाकुंभ : देश के दिग्गज रेफरी और तकनीकी अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन (सीएसए) के तत्वावधान में 22 से 27 जून तक बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम-2026 का आयोजन होगा। एशियन स्क्वैश फेडरेशन (एएसएफ), स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसआरएफआई) और प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (पीएसए) से मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट में भारत और सिंगापुर के जूनियर एवं सीनियर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए देश के अनुभवी तकनीकी अधिकारियों, रेफरियों और कोचों की टीम रायपुर पहुंच रही है। इससे न केवल प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा होगा बल्कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश मानचित्र पर नई पहचान भी मिलेगी।
डॉ. विष्णु श्रीवास्तव के नेतृत्व में तैयार हुई अनुभवी टीम
चैंपियनशिप के चेयरमैन और छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव पूरे आयोजन का नेतृत्व करेंगे। विश्व कप, सैफ गेम्स और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तकनीकी जिम्मेदारी निभा चुके डॉ. श्रीवास्तव को स्क्वैश प्रशासन और प्रशिक्षण का लंबा अनुभव है।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल को चैंपियनशिप वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टूर्नामेंट डायरेक्टर के रूप में भारत के प्रतिष्ठित स्क्वैश विशेषज्ञ गौतम दास संचालन की कमान संभालेंगे, जबकि राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी राहुल साहू समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले रेफरी कराएंगे मुकाबले
टूर्नामेंट में मैचों के संचालन के लिए देशभर से अनुभवी और प्रमाणित रेफरियों को शामिल किया गया है। मुख्य रेफरी के रूप में डॉ. मोहम्मद साबिर जिम्मेदारी संभालेंगे, जो विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप और दक्षिण एशियाई खेलों में ऑफिशिएटिंग कर चुके हैं।
इसके अलावा असम के दीक्षांत कश्यप देव शर्मा, उत्तर प्रदेश के नसीमुद्दीन और हसन रजा, चंडीगढ़ की पारुल तथा उत्तर प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू भी रेफरी पैनल का हिस्सा होंगी।
छत्तीसगढ़ के अधिकारी भी निभाएंगे अहम भूमिका
मेजबान राज्य की ओर से केशव कुमार जलक्षत्री, प्रशांत पांचे और श्रेयांश लाल को तकनीकी टीम में शामिल किया गया है। ये अधिकारी राष्ट्रीय खेलों और खेलो इंडिया जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
स्क्वैश के लिए मील का पत्थर साबित होगा आयोजन
आयोजकों का कहना है कि एसआरएफआई, एएसएफ और वर्ल्ड स्क्वैश फेडरेशन के तकनीकी मानकों के अनुरूप आयोजित यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल के विकास को नई दिशा देगी। छह दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के खिलाड़ी, कोच और तकनीकी विशेषज्ञ एक ही मंच पर नजर आएंगे।
"एक कोर्ट, एक जुनून, अनंत गौरव" की थीम पर आयोजित ईस्टर्न स्लैम-2026 को छत्तीसगढ़ में स्क्वैश के इतिहास का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित आयोजन माना जा रहा है।

admin 




