70 करोड़ की निवेश ठगी का आरोप, पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 500 लोगों को फंसाया; 2 गिरफ्तार

70 करोड़ की निवेश ठगी का आरोप, पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 500 लोगों को फंसाया; 2 गिरफ्तार

कांकेर। जिले में निवेश के नाम पर करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में पैसा लगाने पर 5 प्रतिशत ब्याज/कमीशन और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से निवेश कराया गया। मामले में अंतागढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के अनुसार, कांकेर के साथ दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर और अन्य क्षेत्रों के लोगों को निवेश के लिए जोड़ा गया। आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों समेत कई लोगों को बैंक से लोन लेने के लिए प्रेरित किया गया और लोन की पूरी रकम कंपनी में निवेश कराई गई।

शुरुआत में निवेशकों को कुछ किश्तों का भुगतान किया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और निवेशकों की रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दयाशंकर साहू को बेमेतरा के साजा क्षेत्र और नितिन निर्मलकर को रायपुर से पकड़ा। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 

पुलिस के मुताबिक, अंतागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अब धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों और पैसों के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य ब्याज का लालच देने वाली निवेश योजनाओं में बिना जांच के पैसा न लगाएं। किसी कंपनी या व्यक्ति की वैधता और विश्वसनीयता की जांच करने के बाद ही निवेश करें।