दमाऊधारा झरने में हादसा: तेज बहाव में बहा युवक, देर शाम तक नहीं मिला सुराग; दोस्तों के साथ आया था पिकनिक मनाने

दमाऊधारा झरने में हादसा: तेज बहाव में बहा युवक, देर शाम तक नहीं मिला सुराग; दोस्तों के साथ आया था पिकनिक मनाने

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार को पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक के पानी के तेज बहाव में बहने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर SDRF और DDRF की टीमों ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग से कुछ युवक दोस्तों के साथ दमाऊधारा घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इस दौरान सभी झरने के आसपास घूम रहे थे और कुछ युवक पानी में नहा रहे थे। इसी बीच प्रतीक कंवर नामक युवक भी झरने में नहाने उतरा।

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी की तेज धार की चपेट में आ गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण युवक कुछ ही देर में नजरों से ओझल हो गया।

SDRF और DDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए SDRF और DDRF की टीमों को बुलाया गया। बचाव दल ने झरने और आसपास के हिस्सों में देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया।

अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम को तलाश अभियान रोकना पड़ा। अब बुधवार सुबह बचाव दल दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू कर युवक की तलाश करेगा।