SI भर्ती परिणाम विवाद: BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- अभ्यर्थियों के नाम पर सवाल उठाकर युवाओं की मेहनत का अपमान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के परिणाम में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस के आरोपों को तथ्यहीन बताते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सवाल उठाना उनकी वर्षों की मेहनत और योग्यता का अपमान है।
राहुल टिकरिहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर ‘न्यूज’, ‘स्पेस रानी’, ‘तुफैल’ और ‘हे राम’ जैसे नामों का उल्लेख करते हुए भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उनके मुताबिक, इन टिप्पणियों से उन अभ्यर्थियों की मेहनत पर सवाल उठे हैं, जिन्होंने परीक्षा पास की है।
दस्तावेजों के आधार पर दर्ज हुए अभ्यर्थियों के नाम
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीजीपीएससी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी में स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों के नाम उनके वैध दस्तावेजों, जैसे 10वीं की अंकसूची और आधार कार्ड के आधार पर दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने सफल अभ्यर्थियों के वीडियो और दस्तावेज भी मीडिया के सामने रखे। अभ्यर्थी न्यूज कुमार प्रधान ने बताया कि उनका वास्तविक नाम ‘न्यूज़ कुमार प्रधान’ है और वे रायगढ़ के निवासी हैं। उनके अनुसार, 10वीं की अंकसूची में सरनेम दर्ज नहीं होने और दस्तावेजी त्रुटि के कारण रिकॉर्ड में केवल ‘न्यूज़’ नाम दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके अन्य दस्तावेज वैध हैं।
इसी तरह अभ्यर्थी हे राम, पिता दाताराम, ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल की है और उनके नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।
कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग
राहुल टिकरिहा ने कहा कि बिना पूरी जानकारी और तथ्यों की जांच किए अभ्यर्थियों के चयन पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से युवाओं की मेहनत का मजाक उड़ाने वाले बयानों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
पिछली सरकार पर भी लगाए आरोप
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने पिछली कांग्रेस सरकार पर भी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कई विवाद सामने आए।
टिकरिहा ने कहा कि SI भर्ती प्रक्रिया भी लंबे समय तक अटकी रही और पिछली सरकार के दौरान इसे पूरा नहीं किया जा सका। उनके मुताबिक, मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में लंबित भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 971 पदों पर SI भर्ती पूरी की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में ASI और SI के 341 पदों के लिए नई भर्ती प्रक्रिया जारी है। भाजपा का दावा है कि इन भर्तियों को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है।
हालांकि, भर्ती प्रक्रिया और अभ्यर्थियों के नामों को लेकर उठे राजनीतिक आरोपों के बीच अंतिम स्थिति संबंधित आधिकारिक दस्तावेजों और भर्ती प्राधिकरण के रिकॉर्ड के आधार पर ही स्पष्ट होगी।
admin




