सिंधी कैंप में जलभराव से मिलेगी राहत,जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होगी : विकास सुखवानी
रायपुर। लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने तिल्दा शहर के सिंधी कैंप क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए। नालियों का गंदा पानी घरों और दुकानों में घुसने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ी। निचले इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ जबकि कई दुकानों का कारोबार भी ठप हुआ।
स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विकास सुखवानी प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने जलभराव से जूझ रहे रहवासियों और व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर मौजूद नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल जल निकासी और राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
विकास सुखवानी ने कहा कि सिंधी कैंप में हर वर्ष होने वाली इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा से चर्चा कर नई कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। इसके तहत क्षेत्र में नाली निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि हर बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

admin 




