छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन तेज रहेंगी मानसूनी गतिविधियां, कई जिलों में बारिश का अलर्ट; रायपुर में गिरा तापमान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। रविवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सोमवार को अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं।
बारिश से गिरा तापमान, गर्मी और उमस से राहत
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली।
रायपुर के अलावा बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा समेत कई इलाकों में बारिश हुई। इसके प्रभाव से विभिन्न क्षेत्रों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया। रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में तेज हवाओं, मध्यम से तेज बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

admin 




