बंद हो सकती है जगदलपुर-रायपुर फ्लाइट
- लाखों का घाटा, नहीं मिल रहे यात्री
- 72 सीटर विमान में औसत आठ यात्री
जगदलपुर (चैनल इंडिया)। जगदलपुर से रायपुर के बीच फ्लाइट का संचालन हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह फ्लाइट इस वक्त भारी घाटे में चल रही है और विंटर शेड्यूल के दौरान इसे बंद किया जा सकता है। इस फ्लाइट को शुरू करने के लिए बस्तर जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने व्यापक स्तर पर प्रयास किए थे लेकिन अब बस्तर के यात्री इस सेवा को लेकर उदासीन नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि अब इसे बंद करने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
72 सीटर विमान का संचालन पिछले करीब चार माह से घाटे में चल रहा है। कई बार स्थिति ऐसी भी रही कि यात्रियों की संख्या बेहद कम होने के कारण विमान को क्रू मेंबर के साथ लगभग खाली ही रायपुर के लिए रवाना करना पड़ा। लगातार हो रहे नुकसान के कारण अब इस हवाई सेवा के बंद होने की आशंका जताई जा रही है। विमान के जगदलपुर से रायपुर जाने और वापस आने में करीब 5 से 6 लाख रुपए का खर्च बताया जा रहा है, जबकि दोनों ओर से टिकटों की औसत आय महज 25 से 26 हजार रुपए के आसपास है। ऐसे में हर फेरे में एयरलाइन को लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अनुमान के मुताबिक यदि महीने में 24 उड़ानों में औसतन आठ यात्री सफर करते हैं तो 72 सीटों वाले विमान की क्षमता का करीब 11 फीसदी ही उपयोग हो रहा है। 3,300 रुपए के औसत किराए के हिसाब से मासिक टिकट आय करीब 6.34 लाख रुपए बैठती है, जबकि 24 उड़ानों का अनुमानित परिचालन खर्च करीब 46.80 लाख रुपए है। इस तरह हर महीने करीब 40.46 लाख रुपए के घाटे का अनुमान लगाया जा रहा है।
admin




