केशकाल घाट बायपास को मिली रफ्तार : 308 करोड़ की परियोजना का कार्यादेश जारी, 11.38 किमी फोरलेन सड़क बनेगी

केशकाल घाट बायपास को मिली रफ्तार : 308 करोड़ की परियोजना का कार्यादेश जारी, 11.38 किमी फोरलेन सड़क बनेगी

रायपुर। बस्तर को रायपुर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास के निर्माण कार्य को आखिरकार गति मिल गई है। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग ने 308 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के लिए चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया है। यह निर्णय उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के हालिया बस्तर दौरे के बाद लिया गया है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 5 जून को केशकाल घाट क्षेत्र का दौरा कर बायपास के दोनों छोरों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को परियोजना की लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के महज छह दिन बाद विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए कार्यादेश जारी कर दिया।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगा फोकस

उप मुख्यमंत्री साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय-सीमा में परियोजना को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि केशकाल घाट बायपास बस्तर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है और इसका शीघ्र निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

11.38 किमी लंबा होगा बायपास

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, केशकाल घाट फोरलेन बायपास की कुल लंबाई 11.38 किलोमीटर होगी। परियोजना के तहत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुलों का भी निर्माण किया जाएगा। बायपास बनने से केशकाल घाट के घुमावदार और दुर्घटना संभावित मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा तथा रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर सफर अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।

बस्तर की कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा लाभ

केशकाल घाट बायपास के निर्माण से बस्तर संभाग की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे माल परिवहन, पर्यटन और स्थानीय आवागमन को भी गति मिलेगी। लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार किया जा रहा था, जिसके अब धरातल पर तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है।