रायपुर में पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा,बस स्टैंड और तालाब के पास घूम रहे थे चाकू लेकर

रायपुर में पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा,बस स्टैंड और तालाब के पास घूम रहे थे चाकू लेकर

रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत टिकरापारा पुलिस ने सोमवार को अवैध हथियार लेकर घूम रहे दो युवकों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित नीलकंठ मंदिर के पास तथा सरजू बांध तालाब के पास दो युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपियों को हथियार सहित पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मसीहुद्दीन उर्फ बिट्टू (26) निवासी इस्लाम मोहल्ला, सरायपाली जिला महासमुंद तथा निखिल चंदेल (19) निवासी सुदामा नगर, टिकरापारा रायपुर के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 630/2026 एवं 631/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों और आम लोगों में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।